उत्तराखंड हिमालय में ऐसी वनौषधियों की कोई कमी नहीं है, जो बिना किसी साइड इफेक्ट के अनेक रोगों का निदान कर देती हैं। पहाड़ में जहां-तहां पाया जाने वाला और किसी काम का न समझा जाने वाला 'सेहुंड' भी ऐसा ही औषधीष पादप है। आयुर्वेद में इसे अनेक व्याधियों की अचूक औषधि बताया गया है।
'सुरू', 'श्योण', 'सुंडु' आदि नामों से पुकारी जाने वाली वनौषधि आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा पद्धति में प्रयुक्त होने वाली बहुमूल्य जड़ी-बूटी 'स्नुही' या 'सेहुंड' है। पर्वतीय क्षेत्र में इसे 'स्यूण' भी कहा जाता है। सेहुंड की दो प्रजातिया 'यूफोरबिया रायलियाना' व 'नेरिफोलिया' उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बहुतायत में पाई जाती हैं।
सेहुंड का छोटा वृक्ष करीब छह फीट तक ऊंचा होता है, जिसके मांसल एवं कांटेदार तने एवं शाखाएं गोलाकार या पंचकोणीय होती हैं। शीतकाल में इसकी पत्तियां झड़ जाती हैं और वसंत में हरे-पीले फूल एवं तत्पश्चात फल लगते हैं। राज्य औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष डा.आदित्य कुमार बताते हैं कि आयुर्वेद में 'वज्रक्षार', 'स्नुहयादि तैल', 'स्नुहयादि वर्ति' सहित सैकड़ों औषधियों के निर्माण में सेहुंड का प्रयोग होता है। यह औषधियां पाचन, रक्तवह व श्वसन संस्थान के रोगों समेत अनेक चर्मरोगों में उपयोगी हैं। वह बताते हैं कि घरेलू चिकित्सा में सूजन एवं दर्दयुक्त स्थानों पर सेहुंड की पत्तियां गर्म करके बांधने पर तुरंत आराम मिलता है। डा.आदित्य के अनुसार कान दर्द में सेहुंड का दूध लाभकारी माना गया है। दांत दर्द में इसके दूध को रुई के फाहे के साथ रखा जाता है। इसके अलावा अनेक चर्म रोगों की घरेलू चिकित्सा में सेहुंड का दूध प्रयोग किया जाता है। बवासीर के अंकुरों पर दूध का लेप करने से वह नष्ट हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि भगंदर की चिकित्सा में क्षार सूत्र के निर्माण में भी सेहुंड के दूध का प्रयोग किया जाता है।
सोजन्य से जागरण न्यूज़

5 comments:
अच्छी जानकारी , बधाईयाँ !
लेख के लिए धन्यवाद। यदि किसी भी वनस्पति के लेख में साथ में पौधे का चित्र भी हो तो उसकी पहचान करना सरल हो जाता है।
घुघूती बासूती
बढ़िया जानकारी ..इस तरह से और बताये जो आसानी से मिल सके और इस्तेमाल किया जा सके शुक्रिया
अच्छी जानकारी आभार।
सुभाष जी,
उत्तराखंड के पहाड़ तो ऐसी औषधियों से भरे पड़े हैं. और ये काम भी मस्त करती हैं. अब पहाड़ पर कोई हॉस्पिटल ही नहीं है. हॉस्पिटल है भी तो डाक्टर नहीं है.
Post a Comment