Thursday, March 6, 2008

सात मई को खुलेंगे केदारनाथ के कपाट

करोड़ों हिन्दुओं की आस्था के प्रतीक ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के लिए सात मई को ब्रह्म मूर्त में खुलेंगे। यह तिथि आज ओंकारेश्वर मन्दिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ निश्चित की गई।

महाशिवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर पंचकेदारों के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में धर्माधिकारी उमा दत्त सेमवाल, उप मुख्य कार्याधिकारी जेपी नंबूरी, पुजारी गण एवं वेद पाठियों के वैदिक मंत्रोच्चारण व पूजा-अर्चना के साथ बाबा केदार के कपाट खुलने की तिथि सात मई निश्चित की। तीन मई को भैरव पूजा, चार मई को केदारनाथ की उत्सव डोली प्रात: ओंकारेश्वर मन्दिर से प्रस्थान कर गुप्तकाशी होते हुए रात्रि विश्राम फाटा करेगी। पांच मई को भगवान का रात्रि विश्राम गौरीकुंड होगा, छह मई को भगवान की डोली 14 किमी. की चढ़ाई तय कर केदारनाथ पहुंचेगी और सात मई को प्रात: आठ बजे ब्रह्म मूर्त में केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के लिए छह माह के लिए खोल दिए जाएंगे। इस अवसर पर सत्रहवीं गढ़वाल राइफल के जवानों द्वारा बजाई गई भक्ति मय धुन से पूरा क्षेत्र आस्थामय हो गया है। इस दौरान यहां पर ब्रह्मणों ने यज्ञ में आहुति भी दी।

सोजन्य से - जागरण न्यूज़

1 comments:

परमजीत बाली said...

जानकारी के लिए आभार।